Darbhanga News: जिलाधिकारी दरभंगा कौशल कुमार एवं नगर पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार चौधरी ने संयुक्त रूप से शनिवार को पूर्वाह्न 10 बजे समाहरणालय परिसर, दरभंगा स्थित मिशन शक्ति योजना के तहत संचालित सखी वन स्टॉप सेंटर (ओएससी) का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने केन्द्र की व्यवस्थाओं का गहनता से अवलोकन किया तथा विभिन्न सेवाओं की प्रगति की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान डीएम कौशल कुमार ने कार्यालय में संधारित पंजियों एवं संचिकाओं की जांच की तथा केन्द्र व्यवस्थापक अजमतुन निशा से केन्द्र में लंबित एवं निष्पादित मामलों की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने कार्यालय परिसर में साफ-सफाई की स्थिति पर संतोष व्यक्त करते हुए निर्देश दिया कि सभी फाइलों को व्यवस्थित ढंग से रखा जाये. परिसर की साफ-सफाई नियमित रूप से रखी जानी चाहिए। महिलाओं की सुविधा के लिए बाहर बड़ा बोर्ड लगाया जाए।
इस दौरान केन्द्र प्रशासक ने बताया कि सखी वन स्टॉप सेंटर संकट की स्थिति में महिलाओं को एक ही छत के नीचे परामर्श, विधिक सहायता, पुलिस सहायता, अस्थायी आवास जैसी जरूरी सेवाएं प्रदान करता है।उन्होंने कहा कि यह केन्द्र महिलाओं की सुरक्षा एवं सम्मान के लिए निःशुल्क सुविधा प्रदान करता है।
उन्होंने बताया कि ओएससी में अप्रैल 2025 से जून 2025 तक कुल 226 मामले दर्ज हैं, जिनमें 49 मामले लंबित हैं. जिलाधिकारी द्वारा सभी लंबित मामलों के निष्पादन हेतु कई महत्वपूर्ण सुझाव दिये गये.वन स्टॉप सेंटर के अंतर्गत सभी रिक्त पदों पर चयन प्रक्रिया अविलंब पूर्ण करने का निर्देश दिया गया. मानव तस्करी की शिकार महिलाओं को ₹10 हजार की सहायता दी जाती है। जिलाधिकारी ने कहा कि इसके लिए सभी आवश्यक कार्यवाही पूर्ण करना सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी, दरभंगा श्री कौशल कुमार द्वारा सखी वन स्टॉप सेंटर का निरीक्षण किया गया। pic.twitter.com/USIlBzLEQQ
— DM Darbhanga (@darbhanga_dm) July 26, 2025
यह निरीक्षण मिशन शक्ति के तहत महिलाओं को समर्पित सेवाओं की गुणवत्ता और पारदर्शिता बनाए रखने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। प्रशासन की तत्परता और संवेदनशीलता ने एक बार फिर साबित किया कि महिला सुरक्षा और सामाजिक न्याय के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सजग और प्रतिबद्ध है।
Also Read: Darbhanga News: एनडीए सरकार समाज के हर वर्ग का ख्याल रख रही है: संजय सरावगी
वही निरीक्षण के दौरान उप निदेशक जनसंपर्क सत्येन्द्र प्रसाद, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी आईसीडीएस चांदनी सिंह, जिला परियोजना प्रबंधक जयवंती सिन्हा, जिला मिशन समन्वयक ऋषि कुमार एवं वन स्टॉप सेंटर एवं महिला सशक्तिकरण जिला हब के सभी कर्मी उपस्थित थे।












