Darbhanga News: दरभंगा के जन सुराज पार्टी जिला कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से वरिष्ठ कांग्रेस नेता और बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी की महासचिव प्रतिभा सिंह के जन सुराज पार्टी में शामिल होने की औपचारिक घोषणा की गई. इस मौके पर मौजूद मीडिया से बात करते हुए प्रतिभा सिंह ने कहा, “मैं जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर जी और उनके विचारों से प्रभावित होकर इस पार्टी में शामिल हुई हूं. उनकी नीतियां, इरादे और बिहार को बदलने की दिशा में किए जा रहे प्रयास एक नई उम्मीद जगाते हैं.”
जिला अध्यक्ष आमिर हैदर ने कहा, प्रतिभा सिंह के जन सुराज में शामिल होने से महिला सशक्तिकरण, युवाओं की भागीदारी और समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचने में संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी। प्रतिभा सिंह का राजनीतिक जीवन बेहद सक्रिय और विविध अनुभवों से भरा रहा है। वह वर्तमान में बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी की महासचिव और समस्तीपुर लोकसभा क्षेत्र की प्रभारी (2017 से अब तक) हैं।
प्रतिभा सिंह का राजनीतिक सफर
- महिला कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष (2004-06)
- जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष (2006-08)
- महिला कांग्रेस की राज्य सचिव और बांद्रा व मलाड संसदीय क्षेत्रों की प्रभारी (2008-16)
प्रतिभा सिंह न केवल एक प्रभावशाली राजनीतिक नेता रही हैं, बल्कि सामाजिक और शैक्षणिक क्षेत्र में भी उनकी भूमिका उल्लेखनीय रही है। वह ‘प्रतिभा विहार अकादमी’ और ‘लर्निंग व्हील्स ट्रांसपोर्टेशन कंपनी’ की संस्थापक हैं। उन्होंने असलम शेख, सुनील दत्त, संजय निरुपम और प्रियंका चतुर्वेदी जैसे वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं के साथ भी काम किया है।
Also Read: अभी अभी मैया सम्मान योजना की 11वीं किस्त जारी…
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान जन सुराज नेता मौजूद रहें
प्रेसवार्ता के दौरान जिला अध्यक्ष मो. आमिर हैदर, प्रतिभा सिंह, विपलव चौधरी, रेखा देवी, निर्मल मिश्रा, मो. मुमताज, प्रो. सुरेन्द्र मोहन यादव, भगवान ठाकुर समेत जन सुराज के कई पदाधिकारी मौजूद रहें।