Bihar Weather Update: मानसून से पहले की गतिविधियों के कारण बिहार में मौसम तेजी से बदल रहा है। सोमवार दोपहर से मंगलवार सुबह तक राज्य के 25 जिलों में बारिश दर्ज की गई, जिसके चलते कई इलाकों में तापमान में गिरावट आई, जबकि कुछ स्थानों पर उमस भरी गर्मी बनी रही। मौसम विभाग के अनुसार, सबसे अधिक बारिश कटिहार में दर्ज की गई, जहां 132.8 मिमी बारिश हुई। अब बुधवार के लिए भी मौसम विभाग ने कई जिलों में तूफान, बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है।
Bihar Weather Update: कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के पटना केंद्र के मुताबिक, बिहार के 24 जिलों में तेज हवाएं, आंधी और बारिश की संभावना है. जिन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है उनमें शिवहर, सीतामढी, मधुबनी, पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, सुपौल, अररिया, किशनगंज, गोपालगंज, वैशाली, सारण, सीवान, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, दरभंगा, सहरसा, मधेपुरा, पूर्णिया, कटिहार, खगड़िया, भागलपुर, मुंगेर, जमुई और बांका शामिल हैं. मौसम विभाग ने खासकर किशनगंज और पूर्णिया में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है.
इस बीच, पटना समेत आठ जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। इनमें जहानाबाद, नालंदा, नवादा, शेखपुरा, बेगूसराय, लखीसराय और गया शामिल हैं। इन इलाकों में हल्की बारिश के साथ गरज और बिजली गिरने की संभावना है। वहीं, रोहतास, बक्सर, भोजपुर, औरंगाबाद, कैमूर और अरवल जिलों में उमस भरी गर्मी बनी रह सकती है।
मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, बिहार में अगले पांच दिनों तक मिश्रित मौसम रहेगा। कुछ स्थानों पर भारी बारिश होगी, जबकि अन्य स्थानों पर भीषण गर्मी से लोगों को परेशानी होगी। 28 और 29 मई को 24 जिलों में गरज और बिजली गिरने की संभावना है। इसके मद्देनजर, 29 से 30 मई तक पूरे बिहार राज्य के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान कई जिलों में भारी आंधी, बारिश और बिजली गिरने की संभावना है। सुपौल, पूर्णिया, अररिया और पश्चिम चंपारण में भारी बारिश के लिए विशेष चेतावनी जारी की गई है।
वज्रपात के दौरान खेतों से रहें दूर
मौसम विभाग ने किसानों के लिए विशेष सलाह जारी की है। विभाग ने किसानों को खराब मौसम और आंधी-तूफान के दौरान खेतों में काम करने से बचने की सलाह दी है। अचानक बारिश या बिजली गिरने की स्थिति में खुले क्षेत्रों से दूर रहें और किसी सुरक्षित स्थान पर शरण लें। विभाग ने लोगों से पेड़ों या बिजली के खंभों के नीचे खड़े होने से भी बचने का आग्रह किया है।
यह भी पढ़ें:
- Madhubani News: मधुबनी एग्रो प्राइवेट लिमिटेड में भारी तबाही, अनाज और मशीनें बर्बाद
- Malmas Mela 2026: राजगीर में साधु-संतों का भव्य शाही स्नान शुरू









