Jharkhand Premier League: झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन (JSCA) के ओवल मैदान पर झारखंड महिला टी-20 प्रीमियर लीग की शानदार शुरुआत हुई. टूर्नामेंट के पहले दिन खेले गए दोनों मैचों में खिलाड़ियों ने अच्छा प्रदर्शन किया और दर्शकों का खूब मनोरंजन किया. पहले मैच में कोल्हान डायनामोज ने छोटानागपुर ब्लास्टर्स को 8 विकेट से हराया, जबकि दूसरे मैच में संताल चैलेंजर्स ने पलामू वॉरियर्स को 6 विकेट से हराकर अपने अभियान की शुरुआत जीत से की.
कोल्हान और संताल ने दर्ज की जीत
दिन के पहले मैच में छोटानागपुर ब्लास्टर्स ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी की और 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 107 रन बनाए. टीम की शुरुआत तो अच्छी रही, लेकिन मध्यक्रम लगातार विकेट खोता रहा, जिससे बड़ा स्कोर नहीं बन सका. कोल्हान डायनामोज की ओर से ममता पासवान ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में मात्र 21 रन देकर 4 महत्वपूर्ण विकेट लिए. शेफा हसन ने भी 2 विकेट लेकर टीम की सफलता में योगदान दिया. 108 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए कोल्हान डायनामोज के बल्लेबाजों ने संयम और आक्रामकता का बेहतरीन मिश्रण दिखाया. दुर्गा मुर्मू, आरुषि गोदियाल और आनंदिता किशोर की उपयोगी पारियों की बदौलत टीम ने 16.2 ओवर में सिर्फ 2 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया. बेहतरीन गेंदबाजी के लिए ममता पासवान को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया. जबकि दुर्गा मुर्मू को मैक्सिमम सिक्सेज और ममता पासवान को बेस्ट इकोनॉमिक बॉलर का अवॉर्ड मिला. दूसरे मैच में पलामू वॉरियर्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 166 रन का मजबूत स्कोर बनाया. टीम की कप्तान अश्वनी कुमारी ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए नाबाद 73 रन बनाए, जबकि पल्लवजीत कौर ने 46 रनों का अहम योगदान दिया.
Jharkhand Premier League: खिलाड़ियों ने बिखेरा जलवा
167 रनों के चुनौतीपूर्ण लक्ष्य का पीछा करते हुए संताल चैलेंजर्स ने बेहतरीन बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया. टीम ने 19.1 ओवर में 4 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया. जीत की सबसे बड़ी नायिका रितु कुमारी रहीं, जिन्होंने गेंदबाजी में 3 विकेट लेने के साथ-साथ बल्लेबाजी में नाबाद 47 रन बनाकर हरफनमौला प्रदर्शन किया। कप्तान कुमारी मेघा ने 29 रन और आरती कुमारी ने 32 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली। रितु कुमारी को उनके बेहतरीन प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया. चांदमुनी पूर्ति को अधिकतम गेंदबाज और शांति कुमारी को सर्वश्रेष्ठ किफायती गेंदबाज चुना गया।
महिला क्रिकेटरों ने दिखाया दम
मैच के बाद आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में जेएससीए के पदाधिकारियों व पूर्व पदाधिकारियों ने खिलाड़ियों को सम्मानित किया. सभी नकद पुरस्कार मोमेंट्स कंपनी द्वारा प्रायोजित थे। टूर्नामेंट के पहले दिन खिलाड़ियों के प्रदर्शन ने यह संकेत दे दिया है कि झारखंड महिला टी-20 प्रीमियर लीग महिला क्रिकेट के लिए एक महत्वपूर्ण मंच साबित होने वाला है. यह प्रतियोगिता राज्य की प्रतिभाशाली महिला क्रिकेटरों को अपनी क्षमता दिखाने और भविष्य में राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने का अवसर प्रदान करेगी। इस पहल को झारखंड क्रिकेट के लिए महिला क्रिकेट को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.
यह भी पढ़ें:


















