Samastipur: आम आदमी पार्टी (AAP) के कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को समस्तीपुर जिले के धुरलख गांव से ‘केजरीवाल पदयात्रा’ की शुरुआत की। इस पदयात्रा का नेतृत्व पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष राकेश यादव ने किया। यात्रा का उद्देश्य दिल्ली और पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार द्वारा किए गए जनहित कार्यों की जानकारी बिहार की जनता तक पहुँचाना है।
यात्रा की शुरुआत में कार्यकर्ताओं ने गांव-गांव जाकर लोगों को बताया कि कैसे दिल्ली में केजरीवाल सरकार ने शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली-पानी जैसे बुनियादी क्षेत्रों में आम जनता के लिए उल्लेखनीय काम किए हैं। इसी तर्ज पर अगर बिहार में भी आम आदमी पार्टी की सरकार बनती है तो बिहार की तस्वीर बदल सकती है।
पदयात्रा धुरलख से शुरू होकर शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए अंबेडकर प्रतिमा और कर्पूरी ठाकुर की प्रतिमा स्थल पर पहुंची, जहां कार्यकर्ताओं ने माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद ओवरब्रिज होते हुए यात्रा गांधी स्मारक स्थल पर पहुंची और वहां गांधी प्रतिमा पर भी माल्यार्पण किया गया।
इसके पश्चात पदयात्रा रोसड़ा होते हुए बेगूसराय की ओर रवाना हुई। इस यात्रा में प्रदेश अध्यक्ष राकेश यादव ने कहा, “हमारा मकसद आम जनता को यह बताना है कि दिल्ली और पंजाब में आम आदमी पार्टी ने जनता के लिए क्या-क्या काम किए हैं। हम चाहते हैं कि बिहार की जनता भी इस बदलाव का हिस्सा बने।”
इस अवसर पर AAP जिला अध्यक्ष केशव किशोर, आलोक कुमार सिंह, नरेंद्र रक्षित, सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता शामिल हुए। खास बात यह रही कि पदयात्रा में महिलाओं की भी उल्लेखनीय भागीदारी देखी गई।
पार्टी कार्यकर्ताओं ने यह विश्वास जताया कि जिस तरह दिल्ली और पंजाब में जनता ने बदलाव का समर्थन किया, बिहार की जनता भी जल्द ही विकास और पारदर्शी शासन के लिए आम आदमी पार्टी को चुनेगी।