Samastipur: भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस के अवसर पर समस्तीपुर जिला कार्यालय में एक भव्य समारोह का आयोजन किया गया। इस मौके पर मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय उपस्थित थे, जिन्होंने समारोह को संबोधित करते हुए भाजपा के गौरवशाली इतिहास और समर्पित कार्यकर्ताओं के योगदान को भावपूर्ण शब्दों में याद किया।
नित्यानंद राय ने अपने उद्बोधन में कहा, “आज भारतीय जनता पार्टी का स्थापना दिवस है। जनसंघ काल से लेकर 1980 में भाजपा की स्थापना तक और आज तक जिन महान आत्माओं ने अपना जीवन समर्पित किया, उन्हें हम श्रद्धा से स्मरण कर रहे हैं।” उन्होंने कहा कि पार्टी के पहले राष्ट्रीय अध्यक्ष अटल बिहारी वाजपेयी और उनके साथ जुड़े लाखों कार्यकर्ताओं ने पार्टी को खून-पसीने से सींचा। बिहार में पूजनीय कैलाशपति मिश्रा जैसे नेताओं के योगदान को भी उन्होंने विशेष रूप से रेखांकित किया।
नित्यानंद राय ने कहा कि अमित शाह के नेतृत्व में भाजपा ने दुनिया का सबसे बड़ा राजनीतिक दल बनने का गौरव प्राप्त किया और आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पार्टी एक वटवृक्ष की तरह मजबूत है, जिसे कोई भी तूफान नहीं डिगा सकता। उन्होंने कहा कि भाजपा श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रेरणा से आगे बढ़ रही है और समर्पित कार्यकर्ताओं की तपस्या से मजबूत होती जा रही है।
समारोह की अध्यक्षता समस्तीपुर दक्षिणी जिलाध्यक्ष शशिधर झा और समस्तीपुर उत्तरी जिलाध्यक्ष नीलम सहनी ने संयुक्त रूप से की। इस अवसर पर जनसंघ काल और पार्टी स्थापना से जुड़े वरिष्ठ नेताओं को सम्मानित भी किया गया।
Also Read: MS Dhoni Retirement News : क्या एमएस धोनी आईपीएल से लेंगे संन्यास? जानिए क्या कहा
समारोह की शुरुआत भाजपा का झंडातोलन और दीप प्रज्ज्वलन से हुई, जिसे नित्यानंद राय ने संपन्न किया। कार्यक्रम में विधान पार्षद तरुण कुमार, विधायक वीरेंद्र पासवान, पूर्व जिला अध्यक्ष राम सुमिरन सिंह, उपेन्द्र कुशवाहा, विजय कुमार शर्मा, विमला सिंह, जिला पदाधिकारी अरविंद कुशवाहा, बैधनाथ झा, मुकेश कुमार सिंह, सुनील कुमार गुप्ता, मनोरंजन मोदीन, ललन सिंह, संजय सिंह, मधुवाला सहित सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ता, मंडल अध्यक्ष और पदाधिकारी उपस्थित रहे।
समारोह में राष्ट्रभक्ति और संगठनात्मक ऊर्जा का अद्भुत संगम देखने को मिला। कार्यक्रम के अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने पार्टी को और सशक्त बनाने का संकल्प लिया।