Rajgir: जमीन विवाद को लेकर संभावित हमले की सूचना पर राजगीर पुलिस ने शनिवार देर शाम बड़ी कार्रवाई करते हुए जती भगवानपुर गांव में छापेमारी कर अवैध हथियारों के साथ तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। इस ऑपरेशन में पांच थानों की पुलिस टीम शामिल रही।
गुप्त सूचना के आधार पर हुई कार्रवाई
राजगीर थानाध्यक्ष रमन कुमार ने बताया कि शनिवार को शाम लगभग 7:30 बजे गुप्त सूचना मिली थी कि जती भगवानपुर गांव के कुछ लोग हथियारों से लैस होकर कुबरी गांव के सुग्रीव यादव के घर पर हमला करने की योजना बना रहे हैं। सूचना मिलते ही राजगीर पुलिस हरकत में आई और अन्य थानों के सहयोग से गांव की घेराबंदी कर तलाशी अभियान चलाया।
तीन आरोपियों के घर से भारी मात्रा में हथियार बरामद
तलाशी के दौरान नीतीश कुमार (पिता- मुंद्रिका यादव) के घर से 10 जिंदा कारतूस, विजय यादव (पिता- यदुनंदन यादव) के घर से 6 जिंदा कारतूस, एक फायर किया हुआ खोखा और एक देशी पिस्तौल, तथा शैलेंद्र कुमार (पिता- रामनंदन यादव) के घर से 7 जिंदा कारतूस और एक देशी पिस्तौल बरामद किए गए।
तीनों आरोपियों के विरुद्ध राजगीर थाना में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पांच थानों की पुलिस ने मिलकर दी दबिश
इस संयुक्त अभियान का नेतृत्व अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (डीएसपी) राजगीर सुनील कुमार सिंह ने किया। उनके साथ अंचल निरीक्षक राजगीर संजय कुमार, अंचल निरीक्षक गिरियक मनीष भारद्वाज, थानाध्यक्ष राजगीर रमन कुमार, अपर थानाध्यक्ष संजीव कुमार सिंह, थानाध्यक्ष सिलाव इरफान खान, थानाध्यक्ष छबीलापुर मुरली मनोहर आजाद, थानाध्यक्ष गिरियक दीपक कुमार तथा थानाध्यक्ष बेन रवि कुमार सहित सशस्त्र बल के महिला-पुरुष जवान शामिल रहे।
दो देशी पिस्तौल और 23 कारतूस बरामद
पुलिस ने इस कार्रवाई में कुल दो देशी पिस्तौल, 23 जिंदा कारतूस और एक फायर किया हुआ खोखा बरामद किया है। पुलिस जब्त हथियारों और कारतूसों की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि ये हथियार कहां से और किस माध्यम से लाए गए थे।
Also Read: शिमला समझौता क्या है? समझौता रद्द होने पर भारत पर क्या प्रभाव पड़ सकता है?
जमीन विवाद बना था हिंसा का कारण
बताया जा रहा है कि कुबरी गांव निवासी सुग्रीव यादव और आरोपियों के बीच एक बीघा जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चला आ रहा था। शनिवार को इसी विवाद के चलते गोलीबारी की घटना हुई थी, जिसके बाद बदमाशों ने दोबारा सुग्रीव के अर्धनिर्मित मकान पर हमला करने की साजिश रची थी। पुलिस की तत्परता से बड़ी घटना होने से टल गई।