Ranchi News: लंबे संघर्ष और अथक प्रयासों के बाद अंततः रांची विश्वविद्यालय (आरयू) के इंटरमीडिएट कर्मियों को बड़ी राहत मिली है। जेएलकेएम के केंद्रीय वरीय उपाध्यक्ष देवेन्द्र नाथ महतो की पहल पर आरयू के 12 अंगीभूत महाविद्यालयों में सेवा समाप्त हो चुके इंटर कर्मियों के समायोजन को लेकर ऐतिहासिक सहमति बनी है।
दिनांक 13 मई 2025 को कुलपति कॉन्फ्रेंस हॉल, रांची विश्वविद्यालय में आयोजित महत्वपूर्ण बैठक में विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. अजीत कुमार सिंहा, वित्तीय सलाहकार अजय कुमार, कुलसचिव डॉ. गुरुचरण साहू, प्रॉक्टर डॉ. मुकुंद मेहता तथा लीगल सेल इंचार्ज डॉ. बी.आर. झा की उपस्थिति में लगभग चार घंटे चली वार्ता सफल रही।
वही वार्ता के दौरान सभी प्रशासनिक अधिकारियों ने मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए 174 परिवारों के भविष्य और रोज़गार को ध्यान में रखते हुए सभी सेवा समाप्त कर्मियों के समायोजन का निर्णय लिया। यह तय किया गया कि समायोजन की प्रक्रिया कल से फॉर्म भरवाकर शुरू की जाएगी और एक माह के भीतर पूरी की जाएगी।इस ऐतिहासिक मौके पर देवेन्द्र नाथ महतो ने कुलपति डॉ. अजीत कुमार सिंहा, रजिस्ट्रार डॉ. गुरुचरण साहू और अन्य अधिकारियों का झारखंडी पारंपरिक वस्त्र भेंट कर अभिनंदन किया और आभार प्रकट किया।
देवेन्द्र नाथ महतो ने जानकारी देते हुए बताया कि इससे पहले 16 अप्रैल 2025 को कुलपति महोदय के साथ लंबी वार्ता हुई थी। उसके बाद महाविद्यालयों के प्रधानाचार्यों के साथ बैठक कर इंटरमीडिएट कर्मियों की स्थिति, शिक्षकेत्तर रिक्त पदों और वित्तीय पहलुओं की समीक्षा की गई थी। उसी क्रम में आज की बैठक तय की गई थी, जिसमें सभी पक्षों की सहमति से यह बड़ा निर्णय लिया गया।
यह निर्णय न केवल इंटर कर्मियों के लिए राहत लेकर आया है, बल्कि विश्वविद्यालय प्रशासन की सकारात्मक सोच और संवेदनशीलता का भी परिचायक है। यह उदाहरण भविष्य में अन्य संस्थानों के लिए भी प्रेरणास्रोत बन सकता है।