Ranchi News: “झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा” के वरीय उपाध्यक्ष देवेंद्रनाथ महतो ने आज रांची के जिला व्यवहार न्यायालय में आत्मसमर्पण किया। उनके खिलाफ सोनाहातु थाना कांड संख्या 61/24 के तहत मामला दर्ज था, जिस पर लंबे समय से गैर-जमानती वारंट जारी था। शुक्रवार को न्यायिक दंडाधिकारी अमित गुप्ता (JMFC) की अदालत में सुनवाई के दौरान कोर्ट ने उन्हें जमानत दे दी।
देवेंद्रनाथ महतो के अधिवक्ता षष्टी रंजन महतो ने जानकारी देते हुए बताया कि यह मामला 13 नवंबर 2024 को सोनाहातु थाना में दर्ज किया गया था। भारतीय न्याय संहिता-2023 की धारा BNS 176, 223 के साथ सेक्शन 123 के अंतर्गत उन्हें आरोपित किया गया था और उन्हीं धाराओं के तहत गैर-जमानती वारंट जारी किया गया था।
जमानत मिलने के बाद मीडिया से बात करते हुए देवेंद्रनाथ महतो ने कहा, “हमें न्यायिक प्रक्रिया पर पूर्ण विश्वास था। आज अदालत ने हमें जमानत दी है और इससे यह साबित होता है कि सच्चाई की हमेशा जीत होती है। हम अपनी विचारधारा की लड़ाई को संविधान के दायरे में रहकर निरंतर जारी रखेंगे।”
इस घटनाक्रम के बाद राजनीतिक हलकों में भी हलचल देखी जा रही है, और माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में देवेंद्रनाथ महतो एक बार फिर से सक्रिय राजनीतिक गतिविधियों में भाग ले सकते हैं।