Sita Navami 2025 : नगर निगम विवाह भवन में मां जानकी नवमी महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें बिहार सरकार के कई मंत्रीगण और सैकड़ों श्रद्धालु शामिल हुए। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलित कर किया गया, जिसके बाद मिथिला परंपरा के अनुसार अतिथियों का स्वागत किया गया।
इस विशेष अवसर पर बिहार सरकार के मंत्री जीवेश मिश्रा, मंत्री संजय सरावगी, खेल मंत्री और नगर निगम के मेयर अरुण राय उपस्थित रहे। मां जानकी महोत्सव के संस्थापक मृत्युंजय झा की अगुवाई में इस कार्यक्रम का सफल संचालन हुआ।
कार्यक्रम में सांस्कृतिक और नृत्य प्रस्तुतियों ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। महोत्सव के दौरान मृत्युंजय झा ने प्रेस को संबोधित करते हुए कहा कि जानकी नवमी के दिन सभी लोग अपने घरों और मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना करें और संध्या समय पांच दीप अवश्य जलाएं। उन्होंने यह भी कहा कि यह पर्व जन-जन में धार्मिक चेतना और सांस्कृतिक गौरव का संदेश फैलाता है।
मां जानकी नवमी महोत्सव में मंत्री जीवेश मिश्रा ने अपने संबोधन में कहा, “हमारे विरोधियों को करारा जवाब दिया जा रहा है। एनडीए सरकार पूरी तरह एकजुट होकर बिहार के विकास के लिए समर्पित है और राज्य में तेजी से विकास कार्य जारी है।”
खेल मंत्री भी ‘खेलो इंडिया’ जैसे व्यस्त कार्यक्रमों के बीच समय निकालकर जानकी नवमी महोत्सव में पहुंचे, जिससे यह स्पष्ट होता है कि सरकार इस सांस्कृतिक आयोजन को कितनी अहमियत देती है।
Also Read: खेलो इंडिया यूथ गेम्स: कबड्डी मुकाबलों में हरियाणा और राजस्थान की दमदार शुरुआत
इस अवसर पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी और पूरे कार्यक्रम स्थल को भक्ति और उत्साह के वातावरण ने घेर लिया।