Bihar Expo 2026: उद्योग जगत के लिए अभी से बेहतर अवसर कभी नहीं था। इसीलिए अभी नहीं तो कभी नहीं, वाली बात सही है। बिहार को अब इंडस्ट्री डेस्टिनेशन के तौर पर देखा जा रहा है। ये बातें उद्योग विभाग (बिहार सरकार) के सचिव कुंदन कुमार ने बिहार एक्सपो – 2026 में कही। शुक्रवार को बिहार इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (बीआईए) और क्रेडाई बिहार के सहयोग से पटना के गांधी मैदान में चल रहे डेस्टिनेशन बिहार एक्सपो 2026 के दूसरे दिन का थीम इंडस्ट्री था।
इस मौके पर मंच पर मुख्य अतिथि उद्योग विभाग के सचिव कुंदन कुमार ने कहा कि पूरे देश में बिहार की इंडस्ट्रियल पॉलिसी नंबर वन है। उन्होंने बिहार में उद्योग लगाने के इच्छुक लोगों को सकारात्मक रहने और सरकार की ओर से हर संभव मदद करने की बात कही। खास तौर पर बिहार इंडस्ट्रियल इन्वेस्टमेंट पैकेज 2025 का जिक्र करते हुए इसे बहुत लाभकारी योजना बताया। इससे पहले सभी अतिथियों का स्वागत बीआईए के अध्यक्ष रामलाल खेतान ने पुष्पगुच्छ देकर किया। साथ ही, सभी के सम्मान में स्वागत भाषण में आयोजन की पृष्ठभूमि और उद्देश्य को रेखांकित किया। मंच पर विशिष्ट अतिथि के रूप में सिडबी की महाप्रबंधक अनुभा प्रसाद की उपस्थिति रही। बीआईए की ओर से संजय गोयनका ने सफल मंच संचालन किया।
Bihar Expo 2026: उत्पादक राज्य बने बिहार
मुख्य अतिथि कुंदन कुमार ने कहा कि हम सभी जानते हैं कि बिहार एक बड़ा कंज्यूमर स्टेट है। लेकिन अब समय आ गया है कि इस दायरे से आगे बढ़कर बिहार उत्पादक राज्य बने। इसके लिए बिहार में कोई इन्वेस्टर राज्य के किसी जिले में कोई बेस्ट जमीन इंडस्ट्री लगाने को चाहे, तो सरकार इसके लिए भी तत्पर है। उन्होंने बताया कि सीएम नीतीश कुमार ने पूरे राज्य में 15 हजार एकड़ जमीन अर्जित करने के लिए मंजूरी दे दी है।
इसकी सभी जानकारी डिजिटल प्लेटफॉर्म पर देखी जाएगी। उन्होंने आगे बताया कि राज्य सरकार स्पेशल इकोनॉमिक जोन बनाने, ग्लोबल कैपेसिटी सेंटर विकसित करने और बिहार को पूर्वोत्तर भारत का टेक्नोलॉजी हब के रूप में स्थापित करने की दिशा में भी कार्यरत है। अंत में उन्होंने दोहराया कि बिहार उद्योग में एक उभरता राज्य बने, इसके लिए बीआईए और उद्योग जगत मिलकर काम करते रहे।
Bihar Expo 2026: आ रहे दूसरे राज्यों के इन्वेस्टर
मंच से सिडबी की महाप्रबंधक अनुभा प्रसाद ने भी सभी को संबोधित किया। उन्होंने बताया की सिडबी और उसके सहयोगियों की टीम पूरे बिहार में मौजूद है। उद्योग प्रोत्साहन और न्यूनतम दर पर लोन आदि की सुविधा दी जा रही है। उन्होंने कहा कि बिहार में अब दूसरे राज्यों के इन्वेस्टर आ रहे हैं। यह एक अच्छा संकेत है।
वहीं अगले सत्र में बिहार ग्रामीण बैंक के चेयरमैन मुकुल सहाय ने भी अपने बैंक की स्कीम्स और बेहतर ग्राहक सुविधाओं की जानकारी दी। इसके बाद एसबीआई, एमएस एमई यूनिट की ओर से बैंक पदाधिकारी रोहित कुमार और उनकी टीम ने एमएसएमई सेक्टर के लिए स्पेशलाइज्ड सुविधाओं की जानकारी विस्तार से दी। धन्यवाद ज्ञापन संजय गोयनका ने किया।
Bihar Expo 2026: सांस्कृतिक छटा ने मन मोह
गांधी मैदान में “डेस्टिनेशन बिहार एक्सपो”2026 के दूसरे दिन की शाम संगीत से सराबोर हो गई. दूरदर्शन पटना के कलाकारों ने अपने गीत संगीत से प्रदर्शनी में आए अतिथियों और उद्योगपतियों का खूब मनोरंजन किया. बिहार कला सम्मान से सम्मानित गायिका ऊषा सिंह ने हिन्दी और भोजपुरी गीतों से दर्शकों को ख़ूब झुमाया।
वहीं सोनी कला केंद्र के कलाकारों ने गणेश वंदना, होली गीत और रैंप वॉक कर दर्शकों को झूमने पर मजबूर किया. मूक बधिर फाउंडेशन के बच्चों ने भी अपने नृत्य से दर्शकों का दिल जीत लिया। मूक बधिर फाउंडेशन के प्रदर्शन में सुनिधि पांडे, सौम्या श्रेया, अमृत राज्य, रूपाली कुमारी,सोनम यादव शामिल रही।
यह भी पढ़ें: Ranchi Nagar Nikay Chunav Result 2026: रोशनी खलखो बनीं रांची मेयर, कई वार्डों के नतीजे घोषित
शंभू कांत सिन्हा

















