Darbhanga News: दरभंगा प्रखंड के अंटौर गांव स्थित श्रीराम जानकी मंदिर परिसर के हवन मंडप में शुक्रवार शाम जपा जिलाध्यक्ष विनय पासवान के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने सद्बुद्धि पूर्णाहुति यज्ञ का आयोजन किया। यह यज्ञ महागठबंधन नेताओं द्वारा हाल ही में रैली के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की माताजी को अपमानजनक शब्द कहे जाने के विरोध में किया गया।
लगमा मठ के संत बउआ भगवान ने अपने नौ बाल व्यासों के साथ यज्ञ की पूर्णाहुति कराई। उन्होंने कहा कि राजनीति में विरोध का अधिकार सभी को है, प्रधानमंत्री की माताजी का अपमान करना मां भारती का अपमान है। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि इस तरह की सोच रखने वाले लोगों को सद्बुद्धि मिले।
इस मौक़े पर सांसद डॉ. गोपालजी ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस और राजद की राजनीति गालीबाजी और रंगदारी पर टिकी है। उनके अनुसार बिहार के महागठबंधन नेताओं की भाषा और रवैया से देश की छवि धूमिल हो रही है। वहीं भाजपा नेता संजय सिंह उर्फ़ पप्पू सिंह ने कहा कि जब दुनिया चांद तक पहुंच गई है, तब भी कांग्रेस और राजद के नेता गालीबाजी और नकारात्मक राजनीति से आगे नहीं बढ़ पाए हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि जनता आने वाले समय में ऐसे नेताओं को वोट की चोट से सबक सिखाएगी।
यज्ञ में भाजपा के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे, जिनमें जिला उपाध्यक्ष रामनाथ सहनी, ललितमोहन मिश्रा, हिरा प्रसाद यादव, मंडल अध्यक्ष लाल मुखिया, ममता देवी, शिला देवी, गंगाराम सहनी, अरविंद झा, अशोक सदा, मुनींद्र यादव, उदय चौधरी, काली प्रसाद साहू, रजनीश सुंदरम, राहुल कर्ण, पुरुषोत्तम झा, प्रकाश सहनी, सुधीर सिंह, गंगाप्रसाद यादव, पंकज कंठ, नीरज सिंह और अरुण झा समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल थे।