Destination Bihar Expo 2026: पटना के गांधी मैदान में आयोजित पाँच दिवसीय डेस्टिनेशन बिहार एक्सपो-2026 का समापन समारोह उत्साहपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआl स्टॉल धारकों को अलग अलग श्रेणी में सम्मानित किया गया। संस्थागत श्रेणी में उद्योग विभाग, बिहार सरकार, एसबीआई, इंडियन ऑयल शामिल रहे। सौर ऊर्जा श्रेणी में दुधवा पावर इंडस्ट्रीज, सेंसेज पावर इंडस्ट्रीज, जबकि क्रेडाई श्रेणी में दुर्गा अर्बन, साईं वंदना और साकार कंस्ट्रक्शन शामिल रहे। इनके अलावा बड़े, माध्यम और छोटे श्रेणी में भी कंपनीज को सम्मान दिया गया।
अंत में महिला उद्यमिता श्रेणी में भी स्टॉल ऑनर को सम्मानित किया गया। समारोह में व्क्ताओं ने कहा कि यह सम्मान केवल उपलब्धियों का सम्मान नहीं, बिहार की औद्योगिक उन्नति की सशक्त अभिव्यक्ति भी है। समापन सत्र में राज्य सरकार के मंत्रियों, जनप्रतिनिधियों, उद्योग जगत के प्रतिनिधियों एवं बड़ी संख्या में उद्यमियों की उपस्थिति रही। समारोह को संबोधित करते हुए बिहार सरकार के लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण मंत्री संजय कुमार सिंह ने कहा कि सरकार की नई औद्योगिक नीति एवं संकल्प के तहत आगामी पाँच वर्षों में 1 करोड़ नौकरी और 1 करोड़ रोजगार सृजित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने कहा कि निवेशकों का भरोसा लगातार बढ़ रहा है, जिससे राज्य एवं बाहरी उद्यमी बिहार में उद्योग स्थापित करने के लिए आगे आ रहे हैं। इससे रोजगार सृजन के साथ-साथ पलायन पर भी प्रभावी रोक लगेगी।
Destination Bihar Expo 2026: नौकरी देने वाला बनेगा
बिहार सरकार के श्रम संसाधन मंत्री संजय सिंह ‘टाईगर’ ने कहा कि यह एक्सपो बिहार की उभरती औद्योगिक शक्ति और अपार संभावनाओं को प्रदर्शित करने का सशक्त मंच बन चुका है। उन्होंने कहा कि अब बिहार की पहचान केवल कृषि तक सीमित नहीं है, बल्कि औद्योगिक विकास की दिशा में भी राज्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। “बिहार का युवा अब नौकरी मांगने वाला नहीं, बल्कि नौकरी देने वाला बनेगा,” उन्होंने कहा। फुलवारीशरीफ के विधायक एवं पूर्व मंत्री श्याम रजक ने कहा कि मुख्यमंत्री का विजन बिहार को उद्योग के क्षेत्र में अग्रणी राज्य बनाना है।
यह भी पढ़ें: Chandra Grahan Today: चंद्र ग्रहण शुरू, जानिए कब खत्म होगा सूतक काल
राज्य में बेहतर आधारभूत संरचना, पानी, बिजली एवं श्रमबल की उपलब्धता के साथ सुशासन के कारण निवेशकों का भरोसा सरकार पर मजबूत हुआ है। क्रेडाई बिहार चेप्टर के चेयरमैन भवेश कुमार ने कहा कि बिहार का औद्योगिक परिदृश्य तेजी से बदल रहा है। उन्होंने कहा कि कृषि के बाद सर्वाधिक श्रमिक कंस्ट्रक्शन क्षेत्र में कार्यरत हैं, जो राज्य के विकास का संकेत है।
Bihar Expo 2026: विकास गाथा को दिखाने का मंच
बिहार महिला उद्योग संघ की अध्यक्षा उषा झा ने कहा कि बिहार इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के सहयोग से आयोजित इस एक्सपो से छोटे उद्योगों, बेकरी, डेयरी एवं स्टार्टअप इकाइयों को लाभ मिला है। बीआईए के पूर्व उपाध्यक्ष संजय गोयनका ने सौर ऊर्जा अपनाने पर बल देते हुए कहा कि इसके उपयोग से 20 से 25 प्रतिशत तक बिजली की बचत संभव है।
यह भी पढ़ें: Dhurandhar 2 release date: इस दिन रिलीज होगी Dhurandhar 2 फिल्म, एडवांस बुकिंग शुरू
समापन समारोह के अवसर पर बीआईए के अध्यक्ष रामलाल खेतान ने कहा कि यह एक्सपो बिहार की औद्योगिक क्षमता, सृजनशीलता और प्रगति का प्रतीक बन चुका ह और राज्य की विकास गाथा को प्रस्तुत कर रहा है। पाँच दिवसीय इस आयोजन में विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों, स्टार्टअप, ऊर्जा, रियल एस्टेट एवं सेवा क्षेत्र से जुड़े प्रतिभागियों ने भाग लिया।















