Prayagraj Mahakumbh : Bhutan के राजा जिग्मे खेसर नामग्याल वांगचुक ने मंगलवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ त्रिवेणी संगम में आस्था की डुबकी लगाई। राजा वांगचुक सोमवार को लखनऊ पहुंचे, जहां मुख्यमंत्री ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इसके बाद वे आध्यात्मिक अनुष्ठान के लिए प्रयागराज रवाना हुए।

गंगा तट पर चल रहे महाकुंभ की भव्यता ने Bhutan नरेश को प्रभावित किया। यह धार्मिक और आध्यात्मिक संगम विश्वभर के श्रद्धालुओं को आकर्षित करता है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने Bhutan के राजा को महाकुंभ के ऐतिहासिक और आध्यात्मिक महत्व के बारे में बताया। दोनों ने मिलकर गंगा, यमुना और पौराणिक सरस्वती नदी की पूजा-अर्चना भी की।
राजा वांगचुक की यह यात्रा भारत और Bhutan के बीच सांस्कृतिक और कूटनीतिक संबंधों को और मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। उनकी उपस्थिति ने महाकुंभ के वैश्विक महत्व को और अधिक उजागर किया है, जो दुनिया के सबसे बड़े धार्मिक आयोजनों में से एक है।