Madhubani News: मधुबनी के लाल एक बार फिर किया कमाल, प्रयागराज महाकुंभ में लगातार 1008 बार डुबकी लगाकर बनाया विश्व रेकॉर्ड। बेनीपट्टी प्रखण्ड के ढंगा गांव निवासी योगाचार्य रवि व्योम शंकर झा कई वर्षों से योग साधना में लगे हुए हैं और कई मुकाम को हासिल किया है। योगाचार्य रवि व्योम शंकर झा ने प्रयाग महाकुंभ 2025 में 1008 डुबकी लगाकर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। विश्व प्रसिद्ध योगाचार्य रवि झा ने महाकुंभ में आस्था और साधना का अद्वितीय उदाहरण प्रस्तुत करते हुए 1008 डुबकी लगाकर एक नया विश्व रिकॉर्ड स्थापित किया है। उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि ने आध्यात्मिकता और योग साधना को एक नई ऊंचाई प्रदान की है।

वही मीडिया रिपोर्ट के अनुसार रवि झा इससे पहले भी कई विश्व रिकॉर्ड बना चुके हैं। विशेष रूप से उन्होंने दुबई के ‘इंडिया क्लब’ में 24 घंटे जल में रहकर योग करने का कीर्तिमान स्थापित किया था, जिसे गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में दर्ज किया गया। योग और जल साधना के क्षेत्र में उनकी ये अनूठी उपलब्धियां उन्हें विश्व पटल पर विशिष्ट पहचान दिलाती हैं। महाकुंभ 2025 में उनकी इस असाधारण साधना को देखकर श्रद्धालुओं और योग प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर कई संत-महात्माओं और योग गुरुओं ने रवि झा की सराहना की और इसे आध्यात्मिक ऊर्जा का प्रतीक बताया।
योगाचार्य रवि झा ने इस मौके पर कहा, “यह केवल व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि भारतीय योग और सनातन परंपरा की महिमा का विस्तार है। मेरा उद्देश्य लोगों को योग और ध्यान की शक्ति से परिचित कराना और आध्यात्मिक जीवन को प्रोत्साहित करना है। योगाचार्य रवि झा की यह साधना भारत की आध्यात्मिक और योग परंपरा को वैश्विक स्तर पर नई पहचान दिलाने की दिशा में एक बड़ा कदम साबित हो रही है।
पिंकी झा की रिपोर्ट ( मधुबनी )