Nepal: नेपाल को फिर से हिन्दू राष्ट्र बनाने की मांग को लेकर नेपाल जनता पार्टी ने राष्ट्रव्यापी आंदोलन छेड़ने का ऐलान किया है। वीरगंज में आयोजित पार्टी की केन्द्रीय बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष त्रिभुवन नाथ पाठक ने कहा कि जो भी संगठन या दल हिन्दू राष्ट्र की पुनः स्थापना के लिए आवाज उठाएगा, नेपाल जनता पार्टी उसका समर्थन करेगी।
More Read
बैठक में उन्होंने पार्टी के सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे इस अभियान में सक्रिय भूमिका निभाएं। इस अवसर पर पार्टी के वरिष्ठ नेता और वार्ता टोली के संयोजक संतोषानंद जी महाराज ने कहा कि नेपाल की जनता हिन्दू राष्ट्र की पुनः बहाली चाहती है। उन्होंने बताया कि नेपाली कांग्रेस के आधे से अधिक केन्द्रीय सदस्य भी इस मांग के समर्थन में हैं।
संतोषानंद जी महाराज ने आरोप लगाया कि नेपाल को हिन्दू राष्ट्र से धर्मनिरपेक्ष राष्ट्र बनाने के पीछे एक बड़ा षड्यंत्र था। केन्द्रीय उपाध्यक्ष ओम प्रकाश जायसवाल ने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि नेपाल में बड़े पैमाने पर धर्मांतरण हो रहा है, जिसमें विदेशी एनजीओ और लव जिहाद जैसी गतिविधियाँ शामिल हैं।
घुसपैठ पर भी जताई चिंता
मधेश प्रदेश के अध्यक्ष शत्रुघ्न साह ने कहा कि नेपाल में रोहिंग्या और बांग्लादेशी मुस्लिमों की घुसपैठ बढ़ रही है, जिससे देश की सुरक्षा को खतरा हो सकता है। उन्होंने इस मुद्दे को गंभीरता से लेने की आवश्यकता बताई।
बैठक में संगठन महामंत्री ई. राजीनंद चौधरी, केन्द्रीय सदस्य प्रह्लाद साह कलवार, अरुण चौधरी, सुरेश साह कानू, विनोद कुर्मी, पारस द्विवेदी, बंदना पांडेय, डॉ. मिश्री लाल मंडल समेत मधेश प्रदेश के सभी जिलों के अध्यक्षों ने हिस्सा लिया। नेपाल जनता पार्टी के इस आंदोलन से नेपाल की राजनीति में नए हलचल की संभावना बढ़ गई है।