Patna: कुम्हरार विधानसभा क्षेत्र में विकास की स्थिति दयनीय बनी हुई है। शिक्षा, स्वास्थ्य, जल आपूर्ति और सीवर जैसी बुनियादी सुविधाओं की कमी के कारण स्थानीय नागरिक परेशान हैं। इसी मुद्दे पर जन सुराज की प्रत्याशी वंदना कुमारी ने मंगलवार को कुम्हरार विधानसभा अंतर्गत राम सहाय लेन (वार्ड 49) में जन सुराज विस्तार बैठक को संबोधित किया। बैठक में सैकड़ों महिलाओं और पुरुषों ने भाग लिया।
बिहार में बदलाव की जरूरत
वंदना कुमारी ने अपने संबोधन में कहा कि बिहार सामाजिक, राजनीतिक और आर्थिक रूप से पिछड़ेपन का शिकार है। उन्होंने जनता से आह्वान किया कि इस पिछड़ेपन को दूर करने के लिए आगामी 11 अप्रैल को पटना के गांधी मैदान में आयोजित बिहार परिवर्तन रैली को सफल बनाना आवश्यक है। उन्होंने महिलाओं से अपील की कि वे इस रैली में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर बिहार में सामाजिक और राजनीतिक बदलाव के लिए प्रशांत किशोर के नेतृत्व को मजबूती प्रदान करें।
महिलाओं को किया गया जागरूक
बैठक का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को जन सुराज के विजन से अवगत कराना और उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना था। इस दौरान ‘जन सुराज आयेगा, पांच चीज हो जायेगा’ का पैंपलेट और कैलेंडर भी वितरित किया गया। वंदना कुमारी ने कहा कि घर-घर जाकर जन सुराज के संदेश को लोगों तक पहुंचाना होगा, ताकि बिहार के विकास के लिए ठोस कदम उठाए जा सकें।
बैठक में गणमान्य लोग रहे शामिल
बैठक में अमित कुमार, अनिल जायसवाल, संजीव कुमार, शिवनंदन ठाकुर, कविता कुमारी, जयरानी देवी, किरण देवी, अनिता देवी समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
आगामी रैली पर जोर
जन सुराज की टीम ने बिहार परिवर्तन रैली को लेकर व्यापक तैयारी शुरू कर दी है। यह रैली बिहार के राजनीतिक भविष्य को नया दिशा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम होगी। वंदना कुमारी ने जनता से अपील की कि वे अपने हक और अधिकारों के लिए आगे आएं और बिहार के विकास में योगदान दें।