Bhojpuri Cinema: भोजपुरी सिनेमा में एक नई और खास फिल्म जल्द ही दस्तक देने जा रही है। SRK म्यूजिक प्राइवेट लिमिटेड के बैनर तले बनी फिल्म “ससुराल गेंदा फूल” का फर्स्ट लुक हाल ही में जारी किया गया है, जिसने दर्शकों के बीच उत्साह की लहर दौड़ा दी है। फिल्म में लीड रोल निभा रही हैं अभिनेत्री ऋचा दीक्षित, जो एक सजी-धजी दुल्हन के अवतार में घोड़ी पर सवार होकर अपने ससुराल जाती नजर आ रही हैं।
यह फिल्म पारंपरिक सोच को चुनौती देती है और महिला सशक्तिकरण का एक नया उदाहरण पेश करती है। ऋचा दीक्षित का किरदार एक आत्मनिर्भर और मजबूत महिला का प्रतीक है, जो समाज में सकारात्मक बदलाव का संदेश देती है।
ऋचा दीक्षित ने फिल्म को लेकर अपने अनुभव साझा करते हुए कहा, “यह फिल्म मेरे करियर की सबसे खास फिल्मों में से एक है। जब मैंने स्क्रिप्ट पढ़ी, तभी तय कर लिया था कि इस भूमिका को जरूर निभाना है। एक दुल्हन का घोड़ी पर चढ़ कर ससुराल जाना समाज की रूढ़िवादी सोच को तोड़ने वाला कदम है। यह फिल्म दर्शकों को न सिर्फ मनोरंजन देगी, बल्कि सोचने पर भी मजबूर करेगी।”
फिल्म का निर्देशन संजय श्रीवास्तव ने किया है, जबकि इसके निर्माता रोशन सिंह और सह-निर्माता शर्मिला आर. सिंह हैं। फिल्म की कहानी अमित झा ने लिखी है, जो सामाजिक सरोकारों और पारिवारिक रिश्तों को खूबसूरती से उकेरती है।“ससुराल गेंदा फूल” में ऋचा दीक्षित के साथ ऋतेश उपाध्याय, समर्थ चतुर्वेदी, विनोद मिश्रा, श्रद्धा नवाल, सोनिया मिश्रा, पूजा ठाकुर और शिल्पी राघवानी जैसे कई चर्चित चेहरे नजर आएंगे।
फिल्म का संगीत भी इसकी खासियतों में से एक है। ओम झा के संगीत निर्देशन में तैयार किए गए गीतों को प्यारे लाल यादव, राकेश निराला और धर्म हिंदुस्तानी जैसे लोकप्रिय गीतकारों ने लिखा है। सिनेमैटोग्राफर सिद्धार्थ सिंह और एडिटर संतोष हरावड़े ने तकनीकी तौर पर फिल्म को मजबूत बनाया है, वहीं कोरियोग्राफी, कॉस्ट्यूम और बैकग्राउंड स्कोर भी दर्शकों को एक संपूर्ण सिनेमाई अनुभव देने का वादा करते हैं।
Also Read: जिलाधिकारी ने जनता दरबार में सुनीं 21 आवेदकों की समस्याएं, दिए समाधान के निर्देश
फिल्म की टीम का कहना है कि जितना आकर्षक इसका फर्स्ट लुक है, उतनी ही रोचक इसकी कहानी भी होगी। “ससुराल गेंदा फूल” जल्द ही सिनेमाघरों में रिलीज होगी और दर्शकों को एक मनोरंजक व सामाजिक संदेश से भरपूर अनुभव देने को तैयार है।