Ranchi Sadar Hospital: रांची सदर अस्पताल ने एक बार फिर से अपनी उत्कृष्ट सेवाओं के माध्यम से राष्ट्रीय स्तर पर एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। आयुष्मान भारत—मुख्यमंत्री जन आरोग्य योजना के प्रभावी क्रियान्वयन में सदर अस्पताल रांची को पूरे देश में पहला स्थान प्राप्त हुआ है। यह उपलब्धि न केवल झारखंड राज्य, बल्कि पूरे देश के लिए गर्व का विषय है।
2 लाख से अधिक मरीज़ों को मिला लाभ
स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, इस योजना के तहत अब तक 2.02.859 मरीज़ों ने सदर अस्पताल, रांची में उपचार प्राप्त किया है। इतना ही नहीं अस्पताल ने 115 करोड़ से अधिक की राशि का प्री-ऑथ-क्लेम भी सफलतापूर्वक किया है। इससे यह स्पष्ट होता है कि अस्पताल ने बड़ी संख्या में जरूरतमंदों को न सिर्फ़ गुणवत्तापूर्ण इलाज उपलब्ध कराया, बल्कि उन्हें आर्थिक राहत भी प्रदान की।
सुपर स्पेशियलिटी सेवाओं का विस्तार
बीते कुछ वर्षों में रांची सदर अस्पताल ने अपने चरणबद्ध विकास के अंतरगत सुपर स्पेशियलिटी स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार किया है। अब यहाँ मरीज़ों का निम्नलिखित उन्नत चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध है:
- हृदय रोग (Cardiology)
- श्वसन तंत्र से संबंधित रोग (Pulmonology)
- नेत्र रोग (Opthalmology)
- मूत्र रोग (urology)
- अस्थि एवं जोड़ प्रत्यारोपण(Orthopaedics and joint Replacement)
इन सेवाओं से न केवल राज्य के स्थानीय नागरिकों को लाभ हो रहा है, बल्कि आस पास के गिरिडीह, लोहरदगा, गुमला, खूंटी, सिमडेगा और पलामू जैसे ज़िलों तथा दूरदराज़ के ग्रामीण इलाकों से भी बड़ी संख्या में मरीज़ इलाज के लिए यहां पहुंच रहे हैं।
Also Read: Azimabad Express: राजगीर स्टेशन से खुलेगी अजीमाबाद एक्सप्रेस,नालंदा सांसद दिखाएंगे हरी झंडी
अधिकारियों की सराहना
स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता ज़ाहिर करते हुए कहा,“ सदर अस्पताल, रांची ने जिस समर्पण और गुणवत्ता के साथ आयुष्मान भारत योजना के तहत स्वास्थ्य सेवाएं दी हैं, वह पूरे देश के लिए एक उदाहरण है। यह दर्शाता है कि यदि इच्छाशक्ति और कुशल प्रबंधन हो, तो जिला स्तर पर भी अत्याधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकती हैं। यह पूरे झारखंड राज्य के लिए गर्व का क्षण है।”
भविष्य की संभावनाएं
इस उल्लेखनीय प्रदर्शन के बाद उम्मीद जताई जा रही है कि सदर अस्पताल आने वाले समय में मेडिकल एजुकेशन, टेलीमेडिसिन, और रिसर्च के क्षेत्र में भी क़दम आगे बढ़ाएगा। इसके साथ ही राज्य सरकार की ओर से अस्पताल को और अधिक अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस करने की योजना भी बनाई जा रही है। रांची सदर अस्पताल की यह उपलब्धि झारखंड में स्वास्थ्य सेवाओं के स्तर को राष्ट्रीय मानकों तक पहुंचाने की दिशा में एक बड़ा क़दम है। यह सफलता अन्य जिला अस्पतालों के लिए भी प्रेरणा बन सकती है, जिससे पूरे राज्य में समान रूप से गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित की जा सकें ।




















