Darbhanga News: अलीनगर विधानसभा क्षेत्र के तारडीह प्रखंड स्थित नदियामी उच्च विद्यालय के मैदान में आज एनडीए कार्यकर्ताओं की एक महत्वपूर्ण बैठक हुई। बैठक में जदयू के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व जल संसाधन मंत्री, वर्तमान राज्यसभा सांसद एवं जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा शामिल हुए और कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।
संजय झा ने अपने संबोधन में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में हुए विकास कार्यों का ब्यौरा दिया। उन्होंने कहा कि जब वे जल संसाधन मंत्री थे, तब कमला नदी और गंगा नदी के किनारे घाटों का निर्माण और संरक्षण किया गया था, जिससे क्षेत्र के लोगों को काफी लाभ हुआ।
संजय झा ने आगे कहा कि बिहार में एनडीए सरकार ने शिक्षा, सड़क, स्वास्थ्य और सिंचाई के क्षेत्र में ऐतिहासिक प्रगति की है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अलीनगर विधानसभा से एनडीए प्रत्याशी मैथिली ठाकुर को भारी मतों से जिताने की अपील की, ताकि अलीनगर विधानसभा क्षेत्र का और तेजी से विकास हो सके।
उन्होंने राजद गठबंधन पर भी निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष के पास न तो विकास के लिए कोई ठोस नीति है और न ही कोई विजन। जनता को गुमराह करने की राजनीति अब नहीं चलेगी। बैठक में बड़ी संख्या में एनडीए कार्यकर्ता और स्थानीय ग्रामीण मौजूद थे। स्थानीय जदयू पदाधिकारियों ने बैठक का संचालन किया और अंत में सभी ने एकजुट होकर एनडीए की जीत सुनिश्चित करने का संकल्प लिया।












