WWW Day 2026: हर साल 1 अगस्त को वर्ल्ड वाइड वेब डे (World Wide Web Day) शोर्ट में (WWW Day 2026) मनाया जाता है। यह दिन उस तकनीकी क्रांति को याद करने का अवसर है, जिसने दुनिया में जानकारी साझा करने, सीखने और संवाद करने का तरीका पूरी तरह बदल दिया। आज हम घर बैठे पढ़ाई करते हैं, ऑनलाइन बैंकिंग और खरीदारी करते हैं, सरकारी सेवाओं का लाभ उठाते हैं और डॉक्टरों से ऑनलाइन परामर्श लेते हैं। रोजगार के नए अवसर तलाशने से लेकर जीवनसाथी की खोज के लिए मैट्रिमोनियल वेबसाइटों तक, वर्ल्ड वाइड वेब हमारे जीवन का अभिन्न हिस्सा बन चुका है। वर्तमान में दुनिया भर में लगभग 6.1 अरब लोग, यानी वैश्विक आबादी का लगभग 74 प्रतिशत, इंटरनेट का उपयोग कर रहे हैं। इंटरनेट पर 1.4 अरब से अधिक वेबसाइटें मौजूद हैं। भारत भी दुनिया के सबसे बड़े इंटरनेट उपयोगकर्ता देशों में शामिल है, जहाँ 1.24 अरब से अधिक लोग ऑनलाइन हैं।
WWW Day 2026: 1 अगस्त क्यों है खास?
वर्ल्ड वाइड वेब की नींव वर्ष 1989 में ब्रिटिश कंप्यूटर वैज्ञानिक सर टिम बर्नर्स-ली ने स्विट्ज़रलैंड स्थित CERN में रखी। अलग-अलग कंप्यूटरों में संग्रहीत जानकारी को आपस में जोड़ने के उद्देश्य से उन्होंने ऐसी प्रणाली विकसित की, जिसने आगे चलकर वर्ल्ड वाइड वेब (WWW) का रूप लिया। इसके बाद उन्होंने HTML, HTTP और URL जैसी आधारभूत तकनीकों का विकास किया। वर्ष 1991 में दुनिया की पहली वेबसाइट info.cern.ch सार्वजनिक हुई और यहीं से डिजिटल युग की नई शुरुआत हुई।
सबसे उल्लेखनीय बात यह रही कि सर टिम बर्नर्स-ली ने इस तकनीक पर निजी स्वामित्व स्थापित करने के बजाय इसे पूरी दुनिया के लिए खुला रखने का निर्णय लिया। वर्ष 1993 में CERN ने वर्ल्ड वाइड वेब की तकनीक को सभी के लिए निःशुल्क उपलब्ध कराने की घोषणा की। इसी भावना को व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा था, “We gave the Web away to everyone.” बाद में वर्ष 2012 के लंदन ओलंपिक उद्घाटन समारोह में उनका प्रसिद्ध संदेश “This is for everyone.” पूरी दुनिया के सामने प्रदर्शित किया गया। उन्होंने World Wide Web Consortium (W3C) की स्थापना में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जिसने वेब के खुले मानकों के विकास को दिशा दी।
अक्सर लोग इंटरनेट और वर्ल्ड वाइड वेब को एक ही समझ लेते हैं, जबकि दोनों अलग-अलग हैं। इंटरनेट पूरी दुनिया के कंप्यूटरों को जोड़ने वाला नेटवर्क है, जबकि वर्ल्ड वाइड वेब उसी नेटवर्क पर उपलब्ध वेबसाइटों और वेब पेजों की सेवा है। इसे सरल शब्दों में समझें तो इंटरनेट सड़क है और वर्ल्ड वाइड वेब उस पर चलने वाला यातायात।
एक खोज जिसने दुनिया बदल दी!
पिछले तीन दशकों में वेब ने Web 1.0 से Web 2.0, फिर Web 3.0 और अब आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के दौर तक लंबी यात्रा तय की है। आज AI आधारित खोज, चैटबॉट, वॉयस असिस्टेंट और स्वतः अनुवाद जैसी सुविधाएँ वेब को पहले से कहीं अधिक बुद्धिमान और उपयोगकर्ता-केंद्रित बना रही हैं। शिक्षा, स्वास्थ्य, बैंकिंग, कृषि, उद्योग और सरकारी सेवाओं में इसका प्रभाव लगातार बढ़ रहा है। कोविड-19 महामारी के दौरान घर से काम, ऑनलाइन शिक्षा और वर्चुअल बैठकों ने यह भी साबित कर दिया कि वर्ल्ड वाइड वेब केवल एक सुविधा नहीं, बल्कि कठिन परिस्थितियों में भी समाज और अर्थव्यवस्था को जोड़े रखने वाला महत्वपूर्ण माध्यम है।
ये भी पढ़ें: Bank Holiday: अगस्त में कब-कब बंद रहेंगे बैंक? जानें पूरी जानकारी
हालाँकि, इस डिजिटल क्रांति के साथ नई चुनौतियाँ भी सामने आई हैं। साइबर अपराध, ऑनलाइन ठगी, फर्जी खबरें, डीपफेक वीडियो और AI से तैयार भ्रामक सामग्री की पहचान करना पहले की तुलना में अधिक कठिन हो गया है। इसलिए आज केवल इंटरनेट चलाना जानना पर्याप्त नहीं है, बल्कि डिजिटल साक्षरता भी उतनी ही आवश्यक हो गई है। भविष्य उसी समाज का होगा, जो तकनीक को अपनाने के साथ उसका जिम्मेदारी, जागरूकता और नैतिकता के साथ उपयोग करना भी सीखेगा। वर्ल्ड वाइड वेब डे हमें यह याद दिलाता है कि तकनीक का वास्तविक उद्देश्य लोगों के जीवन को अधिक सरल, सुरक्षित, समावेशी और बेहतर बनाना है।
संप्रति:
लेखक : डॉ. धरवेश कठेरिया
एसोसिएट प्रोफेसर, जनसंचार विभाग
महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय, वर्धा
ये भी पढ़ें: Bihar Jobs 2026: बिहार में 1.72 लाख सरकारी नौकरियों का ऐलान




















