Liquor Smuggling: बिहार के समस्तीपुर जिले में उत्पाद विभाग की टीम ने शराब तस्करी के खिलाफ एक बड़ा अभियान चलाया है। उजियारपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले चांदचौर में NH-28 पर शंकर चौक के पास एक संदिग्ध कंटेनर से विदेशी शराब के 290 कार्टन बरामद किए गए हैं। जब्त की गई शराब की अनुमानित कीमत लगभग 40 लाख रुपये है। इस शराब की तस्करी चार स्कॉर्पियो गाड़ियों में छिपाकर की जा रही थी.
Liquor Smuggling: गश्ती के दौरान संदिग्ध कंटेनर पर पड़ी नजर
मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार रात उत्पाद विभाग की एक टीम NH-28 पर नियमित गश्त कर रही थी। इसी दौरान शंकर चौक के पास एक संदिग्ध कंटेनर ट्रक दिखाई दिया। बताया गया है कि पीछे से उत्पाद विभाग की गाड़ी को आते देख कंटेनर ट्रक का ड्राइवर वाहन को सड़क किनारे छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए भाग गया।
ड्राइवर के भाग जाने के बाद उत्पाद विभाग की टीम को शक हुआ। इसके बाद कंटेनर की तलाशी ली गई। कंटेनर का पिछला दरवाजा खोलने पर उसके अंदर चार स्कॉर्पियो गाड़ियां लदी हुई मिलीं।
चार स्कॉर्पियो से 2610 लीटर शराब बरामद
जब उत्पाद विभाग की टीम ने स्कॉर्पियो गाड़ियों की जांच की तो उन्हें गाड़ियों के अंदर और उनकी डिक्की में छिपाई गई विदेशी शराब के 290 कार्टन मिले। इस शराब की कुल मात्रा लगभग 2,610 लीटर बताई जा रही है।
शुरुआती जानकारी के अनुसार तस्करों ने जांच से बचने के लिए स्कॉर्पियो गाड़ियों को एक कंटेनर के अंदर रखा था, ताकि वे शराब को छिपाकर ले जा सकें। इस कार्रवाई में कंटेनर, चार स्कॉर्पियो गाड़ियां और शराब की खेप को जब्त कर लिया गया।
कंटेनर मालिक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
मामले में कंटेनर मालिक की पहचान विभूतिपुर थाना क्षेत्र के साखमोहन गांव निवासी रामवृक्ष यादव के पुत्र त्रिभुवन कुमार के रूप में बताई गई है। उत्पाद विभाग ने उनके खिलाफ उत्पाद अधिनियम की संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है। वहीं मौके से फरार कंटेनर चालक की तलाश की जा रही है।
हरियाणा निर्मित बताई जा रही शराब
उत्पाद अधीक्षक मनोज कुमार सिंह के अनुसार शुरुआती जांच से पता चलता है कि जब्त की गई शराब हरियाणा में बनाई गई थी। यह भी सामने आया है कि कंटेनर में लदी चार स्कॉर्पियो गाड़ियों पर अलग-अलग राज्यों की नंबर प्लेटें लगी थीं।
उत्पाद विभाग अब यह पता लगाने में जुटा है कि शराब की यह खेप कहाँ से लाई जा रही थी और इसे समस्तीपुर या उसके आस-पास के किन इलाकों में पहुँचाया जाना था। अधिकारियों के अनुसार तस्करी के नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों की पहचान करने के लिए जाँच चल रही है।
यह भी पढ़ें: Bihar Salary News: बिहार में लाखों शिक्षकों-पुलिसकर्मियों की सैलरी पर संकट
यह भी पढ़ें: Ghar Ka Batwara Movie: इस दिन YouTube पर रिलीज होगी ‘घर का बंटवारा फिल्म











