IVY Bhojpuri Awards: भोजपुरी संगीत और सिनेमा की दुनिया के लिए एक खास कार्यक्रम होने जा रहा है। IVY एंटरटेनमेंट द्वारा प्रस्तुत, ‘IVY भोजपुरी म्यूजिक अवार्ड्स 2026‘ का आयोजन 26 अक्टूबर 2026 को पटना के बापू सभागार में किया जाएगा।
याशी फिल्म्स द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम भोजपुरी मनोरंजन जगत के जाने-माने सितारों को एक मंच पर लाएगा, ताकि भोजपुरी संगीत की लोकप्रियता, प्रतिभा और सांस्कृतिक विरासत का जश्न मनाया जा सके।
वही इस समारोह में मनोज तिवारी, पवन सिंह, दिनेश लाल यादव, अरविंद अकेला कल्लू, रितेश पांडेय, राकेश मिश्रा, प्रमोद प्रेमी, गुंजन सिंह, रौशन रोही, मोनालिसा, आस्था सिंह, नीलम गिरी, सपना चौहान, मेघा श्री, डिम्पल सिंह और शिल्पी राज सहित भोजपुरी फिल्म एवं संगीत जगत की कई प्रमुख हस्तियों के शामिल होने की घोषणा की गई है। समारोह में संगीत प्रस्तुतियों के साथ भोजपुरी संगीत को लोकप्रिय बनाने वाले कलाकारों की उपलब्धियों को सम्मानित किया जाएगा।
IVY Bhojpuri Awards: डिजिटल मंच पर भोजपुरी संगीत को मिलेगी नई पहचान
IVY भोजपुरी म्यूजिक अवॉर्ड्स 2026 में अधिकतम 20 पुरस्कार दिए जाने की योजना है। पुरस्कारों के माध्यम से भोजपुरी फिल्मों और स्वतंत्र संगीत जगत में उल्लेखनीय योगदान देने वाले कलाकारों को सम्मानित किया जाएगा। भक्ति गीतों, लोक संगीत, लोकप्रिय डांस नंबरों और सोशल मीडिया पर चर्चित गानों सहित संगीत की विभिन्न विधाओं को इसमें जगह मिलेगी। गायकों, संगीतकारों, गीतकारों और अन्य रचनात्मक प्रतिभाओं के योगदान को भी पहचान दी जाएगी।
IVY एंटरटेनमेंट के अध्यक्ष पार्था डे ने कहा, “भोजपुरी संगीत को लोगों का अपार प्यार मिलता है और यहां की प्रतिभाओं को उसी स्तर का मंच मिलना चाहिए। IVY भोजपुरी म्यूजिक अवॉर्ड्स इस उद्योग के प्रति हमारी प्रतिबद्धता की दिशा में एक बड़ा कदम है। हमारा उद्देश्य ऐसा मंच तैयार करना है, जहां स्थापित कलाकारों को सम्मान मिले, उभरती प्रतिभाओं को पहचान मिले और भोजपुरी संगीत व्यापक दर्शकों तक पहुंचे। पटना इस यात्रा की शुरुआत के लिए स्वाभाविक स्थान है।”
प्रमुख ब्रांडों का मिलेगा सहयोग
B4U के CRO जॉनसन जैन ने कहा कि टेलीविजन और अवॉर्ड्स के क्षेत्र में IVY की पहल क्षेत्रीय मीडिया के लिए एक नया मानक स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण है। मनोज तिवारी और पवन सिंह जैसे लोकप्रिय कलाकारों सहित भोजपुरी संगीत एवं सिनेमा की प्रमुख हस्तियों को डिजिटल मंच पर सम्मानित करना गर्व का विषय है। उन्होंने इस आयोजन को संभव बनाने में सहयोग देने वाले प्रायोजकों का भी आभार व्यक्त किया।
इस भव्य आयोजन में कई प्रतिष्ठित ब्रांड भागीदार के रूप में जुड़े हैं। डाबर रेड टूथपेस्ट और APAR वायर्स एंड केबल्स को-प्रीजेंटिंग स्पॉन्सर हैं। वहीं, अल्ट्राटेक सीमेंट, SOBISCO, अडानी फॉर्च्यून ऑयल, HMD, सेंटर फ्रूट घड़ी डिटर्जेंट पाउडर, और बिहार राज्य फिल्म विकास एवं वित्त निगम को-पावरिंग पार्टनर हैं।
यूट्यूब, फेसबुक और इंस्टाग्राम पर होगा डिजिटल प्रीमियर
IVY भोजपुरी म्यूजिक अवॉर्ड्स 2026 का डिजिटल प्रीमियर IVY के प्लेटफॉर्म्स पर होगा, जिसके बाद इसका टेलीविज़न प्रसारण B4U भोजपुरी चैनल पर किया जाएगा। इस बहु-माध्यमीय पहल के जरिए पटना में होने वाले समारोह को देशभर के साथ-साथ विदेशों में रहने वाले भोजपुरी दर्शकों तक पहुंचाने की योजना है।
भोजपुरी संगीत की बढ़ती लोकप्रियता के बीच यह आयोजन कलाकारों को सम्मान देने, नई प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और भोजपुरी मनोरंजन जगत को व्यापक पहचान दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। अब भोजपुरी संगीत प्रेमियों की निगाहें 26 अक्टूबर को पटना में होने वाले इस भव्य समारोह पर टिकी हैं।
यह भी पढ़ें: Giriraj Singh Darbhanga: दरभंगा पहुंचे गिरिराज सिंह, BJP नेताओं के साथ की बैठक
यह भी पढ़ें: Rupi Soren Dashkarm: मां रूपी सोरेन के दशकर्म में शामिल हुए CM












