Bihar News: बिहार में टेक्निकल एजुकेशन के इतिहास में एक ऐतिहासिक पहल करते हुए, पहली बार IIT, NIT और पॉलिटेक्निक को एक साथ लाने के लिए एक इंटरनेशनल प्लेटफॉर्म बनाया जा रहा है। पहला इंटरनेशनल कॉन्फ्रेंस, “एडवांस्ड ट्रेंड्स इन इंजीनियरिंग एंड इमर्जिंग टेक्नोलॉजीज (ICATEET-2026),” न्यू गवर्नमेंट पॉलिटेक्निक, पटना-13 द्वारा इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (IIT) पटना और नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (NIT) रायपुर के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है। यह कॉन्फ्रेंस 17-18 जनवरी, 2026 को हाइब्रिड मोड (ऑनलाइन और ऑफलाइन) में होगी।
यह सम्मेलन इसलिए भी विशेष महत्व रखता है क्योंकि यह मौका है जब बिहार के किसी पॉलिटेक्निक संस्थान के नेतृत्व में IIT और NIT जैसे राष्ट्रीय महत्व के संस्थान एक ही मंच पर अंतरराष्ट्रीय स्तर का तकनीकी सम्मेलन आयोजित कर रहे हैं। इस अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन के सफल आयोजन में डॉ. चंद्रशेखर सिंह, प्राचार्य, न्यू गवर्नमेंट पॉलिटेक्निक, पटना-13 की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण और सराहनीय है। उनके दूरदर्शी नेतृत्व में संस्थान ने इस सम्मेलन की संकल्पना से लेकर क्रियान्वयन तक दिशा-निर्देशन, संसाधन व्यवस्था, विभागीय समन्वय एवं आयोजन प्रबंधन को सशक्त आधार प्रदान किया है। डॉ. सिंह ने इस अवसर को बिहार के पॉलिटेक्निक संस्थानों के लिए राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय पहचान का माध्यम बताया है।
ICATEET-2026 का प्रमुख उद्देश्य शिक्षा, अनुसंधान और उद्योग के बीच प्रभावी सेतु स्थापित करना, उभरती तकनीकों पर नवाचार को बढ़ावा देना तथा शिक्षाविदों, शोधकर्ताओं और उद्योग विशेषज्ञों को एक साझा मंच प्रदान करना है। सम्मेलन में आधुनिक एवं भविष्य-उन्मुख विषयों पर शोध पत्र प्रस्तुत किए जाएंगे, जिनमें प्रमुख रूप से Artificial Intelligence (AI) एवं Machine Learning (ML), Internet of Things (IoT) एवं Industry 4.0, Advanced Materials एवं Nanotechnology, Robotics एवं Mechatronics, Green Energy एवं Sustainability, Cybersecurity एवं Data Protection, Digital Construction एवं Smart Cities तथा Additive Manufacturing (3D Printing) शामिल हैं। आयोजन समिति के अनुसार इस सम्मेलन को देश-विदेश से उत्साहजनक प्रतिक्रिया प्राप्त हो रही है। विभिन्न IITs, NITs, प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों, शोध संस्थानों और उद्योग विशेषज्ञों के साथ-साथ अनेक देशों के शोधकर्ताओं द्वारा शोध पत्र भेजे जा रहे हैं। चयनित शोध पत्रों को CRC Press (Taylor & Francis Group), ASME तथा अन्य प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय जर्नल्स/प्रोसीडिंग्स में प्रकाशन का अवसर प्रदान किया जाएगा, जो शोधकर्ताओं के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि होगी।
यह भी पढ़ें:- डॉ. मनीष मंडल को इंटरनेशनल कॉलेज ऑफ सर्जन्स के एशिया पैसिफिक क्षेत्र का गवर्नर चुना गया
सम्मेलन के संरक्षक के रूप में प्रो. टी. एन. सिंह, निदेशक, IIT पटना, डॉ. एन. वी. रमण राव, निदेशक, NIT रायपुर तथा डॉ. चंद्रशेखर सिंह, प्राचार्य, NGP पटना-13 सम्मेलन को मार्गदर्शन प्रदान कर रहे हैं। सम्मेलन के ऑर्गेनाइजिंग चेयर्स के रूप में प्रो. कराली पात्रा (IIT पटना), डॉ. राज कुमार साहू (NIT रायपुर) एवं डॉ. शम्भु कुमार (NGP पटना-13) आयोजन का नेतृत्व कर रहे हैं। वहीं ऑर्गेनाइजिंग सेक्रेट्रीज के रूप में डॉ. अशुतोष कुमार (Mechanical Engg., NGP पटना-13), डॉ.अनुष्का प्रधान (ECE Engg., NGP पटना-13) तथा श्री रोहित कुमार (Civil Engg., NGP पटना-13) आयोजन के समन्वय एवं संचालन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभा रहे हैं। आयोजन समिति ने बिहार के सभी तकनीकी संस्थानों, शिक्षकों, शोधार्थियों एवं विद्यार्थियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में इस सम्मेलन में सहभागिता करें। अपने शोध पत्र प्रस्तुत करें और बिहार की तकनीकी क्षमता को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंच पर सशक्त रूप से प्रस्तुत करें।













