Bihar Weather Update: बिहार में मौसम एक बार फिर तेजी से बदल रहा है. मंगलवार को दरभंगा समेत राज्य के कई जिलों में आंधी, तेज हवा और बारिश की संभावना है. मौसम विज्ञान केंद्र पटना के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक उत्तर बिहार के कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जबकि दक्षिण बिहार के लिए येलो अलर्ट घोषित किया गया है.
वज्रपात की भी आशंका
मौसम विभाग के मुताबिक अगले 24 घंटों के दौरान राज्य के विभिन्न हिस्सों में बादलों की आवाजाही जारी रहेगी. कई जिलों में तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. इस दौरान वज्रपात की भी आशंका है, जिसे देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है.
इधर, बारिश की गतिविधियां कम होते ही राज्य में गर्मी और उमस का असर फिर से बढ़ने लगा है। सोमवार को दरभंगा समेत कई जिलों के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गयी. दिनभर उमस भरी गर्मी ने लोगों को परेशान किया। मौसम में नमी बढ़ने से स्थिति और असहज हो गयी. सोमवार को सबसे अधिक तापमान कैमूर जिले के भभुआ में दर्ज किया गया, जहां पारा 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया. वहीं, पटना का अधिकतम तापमान 35.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से अधिक माना जाता है.
नमी भरी पुरवा हवाओं का असर
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि बंगाल की खाड़ी से आने वाली नमी भरी पुरवा हवाओं का असर अभी भी बिहार के मौसम पर बना हुआ है. इसी वजह से अचानक बादल छाने और मौसम बदलने जैसी स्थितियां लगातार देखने को मिल रही हैं. हालांकि बारिश की तीव्रता पहले की तुलना में कम हो गई है, लेकिन उमस के कारण उमस लोगों की परेशानी बढ़ा रही है.
उत्तर बिहार में जारी ऑरेंज अलर्ट को देखते हुए प्रशासन को भी अलर्ट रहने का निर्देश दिया गया है. ग्रामीण इलाकों में किसानों और खुली जगहों पर काम करने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है. वहीं दक्षिण बिहार में येलो अलर्ट के तहत हल्की बारिश और तेज हवा चलने की संभावना है. फिलहाल बिहार में मौसम का मिजाज पूरी तरह से बदला हुआ नजर आ रहा है. एक तरफ जहां बारिश और तूफान की आशंका है तो वहीं दूसरी तरफ बढ़ती गर्मी और उमस लोगों की परेशानी बढ़ा रही है.
यह भी पढ़ें:
















