LNMU PAT 2024: दरभंगा स्थित ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय (LNMU) परिसर में उम्मीदवारों ने PAT-2024 की साक्षात्कार और नामांकन प्रक्रिया में हो रही देरी के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान विरोध कर रहे लोगों ने लोक भवन के अपर मुख्य सचिव दीपक कुमार सिंह का पुतला जलाकर अपना आक्रोश व्यक्त किया। उम्मीदवारों ने PAT-2024 की लंबित प्रक्रिया को जल्द पूरा करने की मांग की।
इस दौरान छात्रों ने जमकर नारेबाजी की और विश्वविद्यालय प्रशासन तथा लोक भवन से इस मामले पर जल्द निर्णय लेने का आग्रह किया। विरोध-प्रदर्शन के बाद हुई बैठक की अध्यक्षता छात्र नेता प्रह्लाद कुमार सिन्हा ने की।
LNMU PAT 2024: एक साल से अधिक समय से साक्षात्कार का इंतजार
सभा को संबोधित करते हुए छात्र नेता प्रिंस राज ने बताया कि PAT-2024 परीक्षा और उसके परिणाम घोषित होने के बाद, उम्मीदवार अब साक्षात्कार और नामांकन का इंतजार कर रहे हैं। उनके अनुसार, विश्वविद्यालय प्रशासन ने साक्षात्कार की तारीख घोषित करके प्रक्रिया शुरू कर दी थी, लेकिन बाद में लोक भवन में तैनात अपर मुख्य सचिव दीपक कुमार सिंह के स्तर पर इस प्रक्रिया को रोक दिया गया।
उन्होंने आरोप लगाया कि इस देरी से हजारों उम्मीदवारों के शैक्षणिक भविष्य पर असर पड़ रहा है। एक साल से अधिक समय बीत जाने के बावजूद, उम्मीदवारों को अपने शोध और आगे की पढ़ाई के बारे में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिल रही है।
प्रिंस राज ने कहा कि सफल उम्मीदवारों को उनके हक से वंचित रखना उचित नहीं है। उन्होंने लोक भवन से आग्रह किया कि इस मामले में हो रही अनावश्यक देरी को खत्म किया जाए और साक्षात्कार प्रक्रिया को फिर से शुरू करने के निर्देश जारी किए जाएं।
जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग
छात्र नेताओं कुणाल पांडे और नागमणि ने कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन को उन अधिकारियों और पदाधिकारियों की पहचान करनी चाहिए जो PAT-2024 प्रक्रिया में बाधा डालने के लिए जिम्मेदार हैं। उन्होंने मांग की कि पूरी साक्षात्कार और नामांकन प्रक्रिया एक तय समय-सीमा के भीतर पूरी की जाए।
इस बीच, प्रहलाद कुमार सिन्हा और प्रदीप कुमार पासवान ने विश्वविद्यालय के उन अधिकारियों की पहचान करने की मांग की है, जिन पर विश्वविद्यालय से जुड़ी जानकारी लोक भवन को लीक करने का आरोप है।
छठ पूजा के बाद बड़े आंदोलन की चेतावनी
छात्र नेता विक्रम कुमार मिश्रा ने चेतावनी दी है कि अगर विश्वविद्यालय प्रशासन और संबंधित अधिकारी जल्द ही कोई सकारात्मक फैसला नहीं लेते हैं, तो PAT उम्मीदवार छठ पूजा के बाद विश्वविद्यालय परिसर में बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन करेंगे।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि वे अपने शैक्षणिक भविष्य और शोध (रिसर्च) करने के अपने अधिकार के लिए संघर्ष जारी रखेंगे। उनकी मुख्य मांग यह है कि PAT-2024 के लिए साक्षात्कार और नामांकन प्रक्रिया को तुरंत शुरू किया जाए और एक तय समय-सीमा के भीतर पूरा किया जाए।
प्रदर्शन में ये लोग रहे शामिल
इस विरोध प्रदर्शन में प्रदीप कुमार पासवान, प्रह्लाद कुमार सिन्हा, सुनील कुमार, सुमन कुमार, नीरज कुमार, नागमणि कुमार, बिट्टू पासवान, विक्रम कुमार मिश्रा और सोनू कुमार समेत दर्जनों उम्मीदवारों और छात्र नेताओं ने हिस्सा लिया। फिलहाल, PAT-2024 के उम्मीदवारों की नज़रें विश्वविद्यालय प्रशासन और लोक भवन द्वारा लिए जाने वाले अगले फैसले पर टिकी हैं।
यह भी पढ़ें: AISF Protest Ranchi: झारखंड में छात्रवृत्ति को लेकर हजारों छात्रों का प्रदर्शन
यह भी पढ़ें: Motki Bahu Patarki Bahu: नेहा श्री की नई भोजपुरी फिल्म ‘मोटकी बहू पतरकी बहू’ में क्या है खास?











