Ranchi Shooting Range: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोमवार को रांची के खेलगांव स्थित टिकैत उमराव सिंह शूटिंग रेंज का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान, उन्होंने वहां के इंफ्रास्ट्रक्चर, आधुनिक उपकरणों, खिलाड़ियों को दी जाने वाली सुविधाओं, सुरक्षा मानकों और रखरखाव की स्थिति का बारीकी से जायजा लिया। शूटिंग रेंज की खराब हालत से नाराज मुख्यमंत्री ने अधिकारियों के सामने अपनी असंतोष जाहिर किया और तुरंत सुधार के लिए जरूरी निर्देश दिए।
Ranchi Shooting Range: CM हेमंत सोरेन का बड़ा प्लान
10-मीटर, 25-मीटर और 50-मीटर शूटिंग रेंज का निरीक्षण करते समय, मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों की ट्रेनिंग, सुरक्षा इंतज़ामों और उपलब्ध संसाधनों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि शूटिंग रेंज का रखरखाव तय मानकों के अनुसार हो ताकि खिलाड़ियों को कोई परेशानी न हो। निरीक्षण के दौरान खेल मंत्री सुदिव्य कुमार भी मौजूद थे।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि झारखंड खेल प्रतिभाओं की धरती है और राज्य के खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी काबिलियत साबित की है। इसलिए, राज्य सरकार की प्राथमिकता है कि खिलाड़ियों को विश्व-स्तरीय प्रशिक्षण और अत्याधुनिक खेल सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे यह सुनिश्चित करें कि ग्रामीण और दूर-दराज के इलाकों से आने वाले प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को भी बेहतरीन प्रशिक्षण और संसाधन मिलें।
निरीक्षण के दौरान, मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि शूटिंग रेंज के सर्वांगीण विकास के लिए एक विस्तृत कार्य-योजना तैयार की जाए और उसे तय समय-सीमा के भीतर लागू किया जाए। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के अनुकूल प्रशिक्षण का माहौल मिलना चाहिए। इसके लिए आधुनिक उपकरणों की उपलब्धता, नियमित रखरखाव और सभी आवश्यक संसाधनों की व्यवस्था सुनिश्चित की जानी चाहिए।
बदहाल व्यवस्था देख अधिकारियों की लगाई क्लास
मुख्यमंत्री ने सुरक्षा इंतज़ामों का भी जायज़ा लिया। उन्होंने फायर एक्सटिंग्विशर, फायर हाइड्रेंट सिस्टम और मॉक ड्रिल के बारे में जानकारी लेते हुए निर्देश दिया कि समय-समय पर सुरक्षा अभ्यास किए जाएं। साथ ही, उन्होंने पूरे परिसर में CCTV सर्विलांस सिस्टम को मज़बूत करने और सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान, मुख्यमंत्री ने खुद शूटिंग राइफल से निशाना साधा और वहां अभ्यास कर रहे खिलाड़ियों से बातचीत की, साथ ही उनकी चुनौतियों और ज़रूरतों के बारे में भी जानकारी ली। इस मौके पर मुख्य सचिव अविनाश कुमार और खेल विभाग के सचिव मुकेश कुमार समेत कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे।
यह भी पढ़ें:

















