Vaibhav Suryavanshi News: झारखंड सरकार भारतीय क्रिकेट के उभरते सितारे और युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को सम्मानित करने जा रही है। झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर यह घोषणा करते हुए बताया कि वैभव सूर्यवंशी को न केवल सम्मानित किया जाएगा बल्कि उन्हें झारखंड स्वास्थ्य विभाग का ब्रांड एंबेसडर भी नियुक्त किया जाएगा।
Vaibhav Suryavanshi News: मंत्री इरफान अंसारी ने किया बड़ा ऐलान
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने वैभव सूर्यवंशी की प्रतिभा और प्रदर्शन की सराहना की। उन्होंने कहा कि भले ही उनकी टीम मैच नहीं जीत पाई, लेकिन वैभव ने अपने शानदार खेल से लाखों भारतीयों का दिल जीत लिया। मंत्री ने कहा कि उन्होंने स्वयं क्रिकेट खेला है और इतनी कम उम्र में वैभव ने जिस आत्मविश्वास और आक्रामकता के साथ शीर्ष अंतरराष्ट्रीय गेंदबाजों का सामना किया, वह असाधारण प्रतिभा का परिचायक है।
झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी की बड़ी घोषणा — युवा क्रिकेट सनसनी वैभव सूर्यवंशी होंगे सम्मानित, स्वास्थ्य विभाग के बनेंगे ब्रांड एंबेसडर।
क्रिकेट जगत में अपनी विस्फोटक बल्लेबाज़ी, अद्भुत प्रतिभा और कम उम्र में ही पूरे देश को प्रभावित करने वाले युवा क्रिकेट सितारे… pic.twitter.com/RebQl2bnbj— Dr. Irfan Ansari (@IrfanAnsariMLA) May 30, 2026
डॉ. अंसारी ने कहा कि वैभव सूर्यवंशी ने न केवल स्वयं को बल्कि अपने माता-पिता, बिहार और पूरे देश को गौरवान्वित किया है। उन्होंने वैभव को बधाई दी और कहा कि उन्हें जल्द ही झारखंड में एक विशेष सम्मान प्राप्त होगा।
स्वास्थ्य मंत्री के अनुसार, महज 15 वर्ष की आयु में वैभव सूर्यवंशी द्वारा प्रदर्शित साहस, आत्मविश्वास और प्रतिभा भारतीय क्रिकेट के इतिहास में एक नया अध्याय लिख रही है। उन्होंने कहा कि वैभव सिर्फ एक खिलाड़ी नहीं, बल्कि युवाओं के लिए कड़ी मेहनत, अनुशासन, समर्पण और संघर्ष का एक आदर्श बन गए हैं। उनकी विस्फोटक बल्लेबाजी और सकारात्मक सोच ने लाखों युवाओं को प्रेरित किया है।
झारखंड सरकार देगी नई जिम्मेदारी
डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग वैभव सूर्यवंशी के साथ मिलकर युवाओं में स्वास्थ्य जागरूकता, फिटनेस, अनुशासन और स्वस्थ जीवनशैली का संदेश फैलाने का काम करेगा। उनका मानना है कि युवा क्रिकेटर की लोकप्रियता और सकारात्मक छवि स्वास्थ्य संबंधी अभियानों को एक नई दिशा दे सकती है।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि वैभव सूर्यवंशी आने वाले वर्षों में विश्व क्रिकेट में भारत की प्रतिष्ठा को और बढ़ाएंगे। मंत्री ने कहा कि देश को इस युवा खिलाड़ी पर गर्व है और उनकी भविष्य की उपलब्धियां भारतीय क्रिकेट को नई ऊंचाइयों पर ले जाएंगी।
वैभव सूर्यवंशी की लगातार बढ़ती लोकप्रियता और प्रभावशाली प्रदर्शन ने उन्हें देश के सबसे होनहार युवा एथलीटों में से एक बना दिया है। झारखंड सरकार द्वारा उन्हें अपना ब्रांड एंबेसडर नियुक्त करने का निर्णय युवा एथलीटों के लिए प्रेरणा का स्रोत माना जा रहा है।
यह भी पढ़ें:
- Jharkhand Weather Update: झारखंड में झमाझम बारिश, तापमान में भारी गिरावट
- Bihar Weather News: बिहार में आंधी-तूफान और ओलावृष्टि से भारी तबाही











