Women Asia Cup 2026: शनिवार को खेले गए महिला एशिया कप T20 मैच में भारत ने अपने कट्टर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को सात विकेट से बुरी तरह हराया। भारतीय स्पिनर श्री चरणी और प्रेमा रावत की घातक गेंदबाज़ी के सामने पाकिस्तान की बल्लेबाज़ी लाइन-अप पूरी तरह बेबस नज़र आई और पूरी टीम सिर्फ़ 55 रन पर सिमट गई, जो T20 इंटरनेशनल में पाकिस्तान का अब तक का सबसे कम स्कोर है।
Women Asia Cup 2026: श्री चरणी-प्रेमा रावत की घातक गेंदबाज़ी
इसके बाद भारत ने 8.4 ओवर में तीन विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। हरमनप्रीत ने नाबाद 18 रन बनाए और विजयी छक्का लगाकर मैच खत्म किया। वही दीप्ति शर्मा 12 रन पर नाबाद रहीं। ग्रुप A में भारत की यह लगातार तीसरी जीत है। इस मैच से पहले ही भारतीय टीम ने सेमीफ़ाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली थी, जबकि इस करारी हार के बाद पाकिस्तान को हांगकांग के ख़िलाफ़ अपने मैच का इंतज़ार करना होगा ताकि यह तय हो सके कि वे फ़ाइनल-4 में पहुँच सकते हैं या नहीं।
भारत की 22 साल की बाएं हाथ की स्पिनर श्री चरणी ने चार ओवर में सिर्फ़ सात रन देकर तीन विकेट लिए, जबकि 24 साल की लेग-स्पिनर प्रेमा ने चार ओवर में नौ रन देकर तीन विकेट हासिल किए। वही शेफ़ाली वर्मा ने तीन ओवर में 10 रन देकर एक विकेट लिया। दीप्ति शर्मा ने 3.1 ओवर में पांच रन देकर दो विकेट लिए और पाकिस्तान की पारी को समेटने में अहम भूमिका निभाई।
हरमनप्रीत ने छक्का जड़कर दिलाई भारत को जीत
लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत ने शुरुआत में ही शैफाली (12), स्मृति मंधाना (9) और प्रतिका रावल (4) के विकेट गंवा दिए। पाकिस्तान की कप्तान फातिमा सना ने इन तीनों को पवेलियन भेजा। इसके बाद, हरमनप्रीत और दीप्ति ने आसानी से भारत को जीत दिलाई।
इससे पहले, अपने 200वें T20 इंटरनेशनल मैच में पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी करने का फ़ैसला किया। टीम ने अच्छी शुरुआत की और पहले चार ओवर में बिना कोई विकेट खोए 27 रन बनाए। दो बार जीवनदान मिलने के बावजूद मुनीबा अली सिर्फ़ 13 रन ही बना सकीं, जबकि शवाल जुल्फिकार ने 14 रन का योगदान दिया। इसके बाद पाकिस्तान की बैटिंग लाइन-अप पूरी तरह से ढह गई और कोई भी अन्य बल्लेबाज़ दहाई के अंक तक भी नहीं पहुँच सका। पूरी टीम 18.1 ओवर में सिर्फ़ 55 रन पर ऑल आउट हो गई।
यह भी पढ़ें: Bihar Teacher Award: दरभंगा के शिक्षक कुमार प्रशांत को मिला राज्य शिक्षक सम्मान 2026
दोनों टीमों की प्लेइंग-11 इस प्रकार
भारत की प्लेइंग XI: स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा, प्रतिका रावल, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), भारती फुलमाली, ऋचा घोष (विकेटकीपर), दीप्ति शर्मा, प्रेमा रावत, नंदनी शर्मा, श्री चरणी, क्रांति गौड़.
पाकिस्तान की प्लेइंग XI: मुनीबा अली (विकेटकीपर), सवाल जुल्फिकार, गुल फिरोजा, आयशा जफर, सदाफ शमास, फातिमा सना (कप्तान), उम्म-ए-हानी, एमान फातिमा, तूबा हसन, नशरा संधू, सादिया इकबाल.
यह भी पढ़ें: Bigg Boss 20: 6 सितंबर से शुरू होगा बिग बॉस 20, बढ़ाई फैंस की बेचैनी
यह भी पढ़ें: Jharkhand Monsoon 2026: झारखंड में मॉनसून की एंट्री, कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट













