Jharkhand Teacher Protest: झारखंड के विभिन्न सरकारी स्कूलों में कार्यरत व्यावसायिक प्रशिक्षकों ने 13 माह से लंबित मानदेय के भुगतान की मांग को लेकर राजधानी रांची में जोरदार प्रदर्शन किया. झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (JLKM) के केंद्रीय वरीय उपाध्यक्ष और आंदोलनकारी नेता Devendra Nath Mahto के नेतृत्व में प्रशिक्षकों ने मोराबादी स्थित बापू वाटिका से अल्बर्ट एक्का चौक तक पदयात्रा निकाली और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
13 महीने से वेतन नहीं मिलने पर नाराजगी
प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में बिजनेस ट्रेनर्स ने हिस्सा लिया. आंदोलनकारियों ने हाथों में बैनर और तख्तियां लेकर जेईपीसी और राज्य सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया. जैसे ही पदयात्रा शहीद चौक पहुंची, पुलिस प्रशासन ने प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोक दिया और जिला स्कूल मैदान की ओर भेज दिया. हालांकि, कुछ देर बाद प्रदर्शनकारी फिर से अल्बर्ट एक्का चौक की ओर बढ़ने लगे, जिसके बाद पुलिस और आंदोलनकारियों के बीच तीखी नोकझोंक हुई.
इस दौरान भारी बारिश भी आंदोलनकारियों का मनोबल नहीं तोड़ सकी. बारिश में भीगते हुए प्रशिक्षकों ने घंटों धरना जारी रखा और लंबित मानदेय भुगतान की मांग उठाई. मौके पर देवेन्द्र नाथ महतो ने कहा कि पुलिस प्रशासन आंदोलन को दबाने का प्रयास कर रही है, लेकिन प्रशिक्षक अपने हक की लड़ाई से पीछे हटने वाले नहीं हैं.
देवेन्द्र नाथ महतो ने सरकार को घेरा
उन्होंने कहा कि राज्य के विभिन्न जिलों में कार्यरत व्यावसायिक प्रशिक्षक लगातार छात्रों को व्यावसायिक शिक्षा देने का काम कर रहे हैं. इसके बावजूद 13 माह से मानदेय का भुगतान नहीं होना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है. इससे प्रशिक्षकों और उनके परिवारों को आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है।
झारखंड राज्य वित्तपोषित वोकेशनल ट्रेनर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष देव प्रकाश, उपाध्यक्ष प्राण सौरभ, सचिव मनोज कुमार महतो और कोषाध्यक्ष अमरेंद्र कुमार ने कहा कि इस समस्या से कई बार विभागीय अधिकारियों को अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं निकला है. संघ ने चेतावनी दी कि जब तक लंबित भुगतान नहीं हो जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
यह भी पढ़ें:
- राजगीर मलमास मेला 2026 की तैयारी तेज, मंत्री और सांसद ने किया निरीक्षण
- Darbhanga News: सिमरी में फरार आरोपी पर पुलिस का बड़ा एक्शन












